लखनऊ : उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के चुनाव के नतीजों की गिनती गुरुवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में 84 मतगणना केन्द्रों पर 403 विधानसभा सीटों की मतगणना जारी है। भारत निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
चुनाव आयोग के निर्देश के बाद सबसे पहले पोस्टल बैलट व सर्विस मतदाताओं के वोटों की गिनती हो रही है। साढ़े आठ बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में पड़े मतों की गणना शुरू हो गई है। जिसमे रुझानों में भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है और समाजवादी पार्टी भी 6 सीट पीछे चल रही है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मतगणना हेतु प्रदेश के समस्त जनपदों में कुल 84 मतगणना केन्द्र बनाये गये हैं, जिनमें से आगरा में 05, अमेठी, अम्बेडकरनगर, देवरिया, मेरठ, आजमगढ़ में 02-02 तथा शेष जनपदों में 01-01 मतगणना केन्द्र बनाये गये हैं। मतगणना हेतु प्रत्येक विधान सभा में एक-एक कुल 403 प्रेक्षक तैनात किये गये हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना के पर्यवेक्षण हेतु डा0 रणवीर सिंह, मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिल्ली को जनपद मेरठ में एवं एचआर श्रीनिवास, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, बिहार को जनपद वाराणसी में तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच मशीनों के वीवीपैट पर्ची की गिनती भी की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसमें केंद्रीय बल के अलावा पीएसी और भारी संख्या में प्रदेश की पुलिस तैनात की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार के अनुसार मतगणना के लिए केंद्रीय पुलिस बल की करीब 250 कंपनी, 69 पीएसी की कंपनी और लगभग 70,000 सिविल पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर प्रतिबंध रहेगा। शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
4442 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
इस बार के विधानसभा चुनाव में 4442 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 561 महिला उम्मीदवार भी हैं। मतगणना में प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा मुखिया और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई दिग्गजों के भाग्य का आज फैसला होना है।
इनकी प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर
इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चैधरी, योगी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे स्वामी प्रसाद मौर्य और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के किस्मत का भी आज फैसला हो जाएगा।