भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला
फाइल फोटो


सहारनपुर : दलित राजनीति करने वाले भीम आर्मी के प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर बुधवार शाम को जानलेवा हमला हुआ। खबर है कि हमला करने वाले आरोपियों को सहारनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

भीम आर्मी प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर, देवबंद की गांधी कॉलोनी में कार में आए बदमाशों ने उनकी कार पर चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली चंद्रशेखर के पेट को छूकर निकल गई। वह घायल हो गए और कार के शीशे भी टूट गए।

चंद्रशेखर को पहले देवबंद के सरकारी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। इसके उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बड़ी संख्या में अस्पताल में समर्थक एकत्र हो गए। हमले का कारण अभी ज्ञात नहीं हो सका है। 

आजाद से अस्पताल में मुलाकात करने के बाद सहारनपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि आजाद की स्थिति स्थिर है। उन्हें अस्पताल से आज छुट्टी दे दी जाएगी। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।


बुधवार शाम को चंद्रशेखर देवबंद की गांधी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अजय कुमार की माता की तेहरवीं में शामिल होने आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर कार से लौट रहे थे। उनके साथ कार में जिला पंचायत सदस्य कारी नौशाद और महक सिंह सहित कई पदाधिकारी भी बैठे थे।

फ्लाईओवर के नीचे यूनियन तिराहे के पास कार सवार बदमाशों ने उनपर चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके पेट को दाईं ओर छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। हाईवे पर फायरिंग से अफरा तफरी मच गई। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने ट्वीट कर हमले की निंदा की है।


पुलिस की अभी तक जांच में सामने आया कि चंद्रशेखर पर हमला करने वाले दो लोग थे, जबकि तीसरा व्यक्ति कार चला रहा था। बदमाशों की कार का नंबर हरियाणा का था। भीम आर्मी के पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक बौद्ध के मुताबिक स्टेट हाईवे पर जानकारी करने पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में सवार दो लोगों ने चंद्रशेखर पर फायरिंग की, जबकि एक व्यक्ति कार चला रहा था।

हमला करने वाले बदमाशों की कार पकड़े जाने की चर्चा देर रात तेज हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कार को सहारनपुर क्षेत्र में ही बरामद कर लिया है, लेकिन बदमाशों नहीं पकड़े गए। वहीं सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने ओरापियों को भी पकड़ लिया है। हालांकि, इस पर अभी कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।


अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें

जन्मदिन पर बच्ची को मिला सुनने का अनमोल उपहार, जयपुर में 4 साल की बच्ची का सफल ऑपरेशन

जन्मदिन पर बच्ची को मिला सुनने का अनमोल उपहार, जयपुर में 4 साल की बच्ची का सफल ऑपरेशन..

सवाईमानसिंह अस्पताल के ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि बारां निवासी तनिष्का, सुपुत्री राकेश, का ......