मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से की शादी, वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा
युवती के मुताबिक उसका ओम नाम के युवक से करीब 7 साल से प्रेम संबंध था। वह 7 जुलाई की रात करीब 2 बजे घर से निकली थी। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली।


जालौन : कालपी क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मुस्लिम युवती ने दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से घर छोड़कर हिंदू प्रेमी से शादी कर ली है और अब उसे जान का खतरा है।

'7 साल से था प्यार, मर्जी से की शादी'
वीडियो में 21 वर्षीय काजल मंसूरी ने कहा, "मैंने अपनी मर्जी से घर छोड़ा है और अपने प्रेमी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है।"

युवती के मुताबिक उसका ओम नाम के युवक से करीब 7 साल से प्रेम संबंध था। वह 7 जुलाई की रात करीब 2 बजे घर से निकली थी। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली।

परिजनों पर लगाए गंभीर आरोप
काजल ने वीडियो में आरोप लगाया कि जब उसने परिजनों को अपने रिश्ते के बारे में बताया तो उन्होंने विरोध किया। परिवार उसकी इच्छा के खिलाफ दूसरी जगह शादी कराना चाहता था।

युवती ने यह भी कहा कि उसके परिजन उसके पति के खिलाफ अपहरण का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। उसने पुलिस-प्रशासन से अपनी और पति की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में सीओ कालपी राजेश कमल ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की जा रही है। इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है और विवेचना जारी है।

पुलिस युवक और युवती से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। युवती का बयान दर्ज करने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर कालपी क्षेत्र में चर्चा तेज है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक राज्य/उत्तर प्रदेश की खबरें