इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के 16वें सीजन की सबसे बड़ी भिड़ंत आज रात वानखेड़े के मैदान पर होने वालाी है। आईपीएल के एल क्लासिको मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टक्कर चेन्नई सुपर किंग्स के साथ है। तीन साल के लंबे इंतजार के बाद रोहित की पलटन अपने घरेलू दर्शकों के सामने मैदान पर उतरने को बेताब है।
मुंबई की जीत की है फुल गारंटी
मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बेशक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथों हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन सीएसके के खिलाफ मुंबई की जीत की फुल गारंटी है। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि वानखेड़े में रोहित की सेना का चेन्नई के खिलाफ बेमिसाल रिकॉर्ड इस बात की गवाही दे रहा है।
दरअसल, वानखेड़े के मैदान पर चेन्नई के खिलाफ मुंबई अपने होम ग्राउंड पर 10 बार उतरी है, जिसमें से 7 मैचों में जीत मुंबई के हाथ लगी है और सिर्फ तीन ही मैचों में धोनी की येलो आर्मी रोहित की पलटन को धूल चटा सकी है। बात अगर ओवरऑल रिकॉर्ड की भी करें तो यहां भी मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी नजर आता है।
ओवरऑल रिकॉर्ड में भी मुंबई का पलड़ा भारी
आईपीएल के इतिहास में मुंबई और चेन्नई की भिड़ंत कुल 36 बार हुई है, जिसमें से 21 मैचों में मुंबई ने जीत का स्वाद चखा है, जबकि 15 मुकाबलों में मैदान माही की येलो आर्मी ने मारा है। यानी आंकड़े के खेल में रोहित की पलटन का दबदबा रहा है। हालांकि, चेन्नई ने अपने पिछले मैच में जोरदार प्रदर्शन किया था और एकतरफा अंदाज में लखनऊ सुपर जायंट्स को पीटा था।
एल क्लासिको में चरम पर रहता है रोमांच
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जब-जब आईपीएल में एक दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरती हैं, तो रोमांच अपने चरम पर होता है। पिछले पांच मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। पांच में से तीन में जीत पांच बार की चैंपियन मुंबई के हाथ लगी है, तो 2 मैच में चेन्नई ने जीत दर्ज की है। हालांकि, इन पांच मुकाबलों में से दो मैचों का नतीजा आखिरी गेंद पर तय हुआ है।